पुजारी के खून से होली, मंदिर में घुसकर हत्या, जाँच में जुटी पुलिस

मृतक पुजारी: संकुल मिश्रा

सीतापुर: होली के दिन जब पूरा देश रंगों में डूबा हुआ था तब, उत्तर प्रदेश के सीतापुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां मंदिर में एक पुजारी की निर्मम हत्या कर दी गई। पुजारी की हत्या के बाद से इलाक़े में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जहां मौक़े पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र की है। मृतक पुजारी संकुल मिश्रा लंबे समय से मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना करते थे। वह रामेश्वरम तीर्थ स्थित मंदिर में करीबन 5 साल से पुजारी थे। उनकी हत्या के बाद से गांव वाले भी सदमे में हैं। हत्या को लेकर अभी तक वजह साफ़ नहीं हो पाई है।

देर रात हुई हत्या
मंदिर गांव के बीच में स्थित है। शाम को पुजारी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। वो गांव वालों के साथ रात में होलिका दहन में भी शामिल हुए थे। उसके बाद वहां से सीधे मंदिर आए थे। पुलिस को आशंका है कि देर रात में हमलावरों ने उनकी हत्या की। पुजारी के शरीर पर चोट के कई निशान हैं। ऐसा लग रहा है जैसे उनका गला काटने से पहले काफी टॉर्चर किया गया हो।

पुलिस ने क्या कहा?

घटना को लेकर एसपी चक्रेश मिश्रा ने कहा कि सर्विलांस, FSL और अन्य टीमें घटना की जांच कर रही हैं। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। SP ने अभी तक हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं की है। आशंका है कि आपसी विवाद का मामला हो सकता है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।