ब्राह्मण कर्मचारी को मांस-मटन बनाने के लिए बोलती है CMO, कर्मचारी ने नौकरी छोड़ी

सिवनी/मालवा: मध्यप्रदेश नगर पंचायत सिवनी मालवा में कार्यरत एक कर्मचारी ने नौकरी छोड़ दी है। कर्मचारी ने महिला CMO पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारी का कहना है कि वो ब्राह्मण है, वो मांस-मटन का सेवन नहीं करता इसके बावजूद CMO मैडम उस पर मांस पकाने के लिए दबाव बनाती हैं। कर्मचारी ने कई ब्राह्मण संगठनों के साथ कलेक्टर को पत्र लिखकर शिकायत की है।

पूरे मामले को लेकर नगर पालिका कर्मचारी उमाशंकर वैष्णव ने कहा कि वे ब्राह्मण हैं, उन्होंने कभी भी मांस-मटन का सेवन नहीं किया। इसके बावजूद CMO शीतल भलावी उनसे घर पर शौचालय साफ करने और मांस पकाने के लिए कहती हैं। जब उसने मना किया तो CMO ने लापरवाही का नोटिस देकर कर्मचारी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इन सबसे तंग आकर कर्मचारी ने नौकरी छोड़ दी है।

ब्राह्मण संगठनों ने सौंपा ज्ञापन

पूरे मामले के संज्ञान में आने के बाद ब्राह्मण संगठनों ने कर्मचारी के साथ नायब तहसीलदार को CM के नाम का ज्ञापन सौंपा है। ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष विकास पाठक ने कहा कि इस मामले से ब्राह्मण समाज में आक्रोश व्याप्त है। उनकी मांग है कि ऐसे अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। ऐसे लोगों पर धार्मिक भावना को आहत करने का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई हो।

CMO ने भी दर्ज कराई शिकायत

पूरा मामला संज्ञान में आने के बाद CMO ने शिकायत दर्ज कराई है। CMO शीतल भलावी का कहना है कि- उक्त कर्मचारी मेरे घर में पेड़ पौधों में पानी देने का काम करता था। मेरी अनुपस्थिति में वो मेरे बेडरूम में चला गया और मेरी अलमारी में रखे कपड़े निकाल कर्मचारी ने विडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया था। जिसके लिए मैंने उसे नोटिस जारी किया था। हालांकि CMO की शिकायत पर कई लोग सवाल भी उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि मैडम ने पहले शिकायत क्यों नहीं करवाई थी। अब कर्मचारी के ज्ञापन के बाद शिकायत क्यों करा रही हैं।